वाटर शेड महोत्सव, सोशल मीडिया प्रतियोगिता का आयोजन, जल संचय पर रील्स व फोटो भेंजे व जीतें पुरस्कार
बलरामपुर, 28 नवंबर 2025। उप संचालक कृषि ने जानकारी दी है कि जल संरक्षण एवं भूमि संरक्षण जलग्रहण विकास कार्यों में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार, राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेश सरकारों के सहयोग से वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वाटरशेड महोत्सव की गतिविधियों में एक सोशल मीडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। इस सोशल मीडिया प्रतियोगिता में, 12 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक वाटरशेड विकास घटक प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और केन्द्र/राज्य सरकार की किसी भी अन्य वाटरशेड विकास संबंधी योजनाओं के अंतर्गत जल संचयन संरचनाओं (चेकडेम, सीमेंट नाला बंड, स्टापडेम, तालाब, डबरी, अर्दन नाला बंड, गली प्लग, लूज बोल्डर चेक, गेबियन संरचना व ट्रेंच इत्यादि) और उद्यानिकी/कृषि वानिकी वृक्षारोपण जैसे वाटरशेड विकास कार्यों से समुदाय के लिए उनके लाभों को दर्शाते हुए लघु विडियो/रील्स (30-60 सेकण्ड) एवं फोटोग्राफ्स तैयार कर #WDC-PMKSY-Watershed Mahotsav 2025 के साथ अपलोड किया जाना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को wdcpmksy.dolr.gov.in/registerMahotsav वेबसाईट/पोर्टल पंजीकरण/नामांकन करना होगा। विजेताओं का चयन रीच (45 प्रतिशत), इंगेजमेंट (25 प्रतिशत), विषय की प्रासंगिकता (10 प्रतिशत), रचनात्मक व मौलिकता (10 प्रतिशत) तथा दृश्य और तकनीकी गुणवत्ता (10 प्रतिशत) के आधार पर किया जाएगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ रील के लिए 50000 और फोटोग्राफ के लिए 1000 के पुरस्कार दिये जायेंगे। कंटेंट जमा करने के बाद पूर्ण रूप से डीओएलआर के कॉपीराइट के अधीन होगी जिसका उपयोग विभिन्न प्रचार, शैक्षिक उद्देश्यों के लिए उपयोग की जा सकेगी। प्रतियोगिता के नियम के तहत अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री प्रतियोगिता के लिए नहीं माने जायेंगे तथा कृत्रिम रूप से बनाये गये व्यूज आदि अस्वीकार होंगे।
