कलेक्टर बालोद-डौण्डीलोहारा धान खरीदी केन्द्रों का लिया जायजा, लापरवाही बरतने पर सीधे कार्रवाई

बालोद, 21 नवंबर 2025। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने बालोद एवं डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य एवं वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी के कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को केवल वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य शासन के विशेष प्राथमिकता वाला कार्य है। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दास्त नही की जाएगी। श्रीमती मिश्रा ने अधिकारी-कर्मचारियों को धान खरीदी के कार्य को पूरे मनोयोग, तत्परता एवं त्रुटिरहित ढंग से करने के निर्देश दी तथा धान खरीदी के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरते जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आज बालोद विकासखण्ड के तरौद एवं कोबा तथा डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के कोचेरा एवं भीमकन्हार धान खरीदी केन्द्रों में पहुँचकर वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं श्री आरके राठिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री तुलसी ठाकुर एवं तहसीलदार, जिला विपणन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं कृषकगण उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी धान खरीदी केन्द्रों में जारी धान खरीदी के कार्य के अलावा वहाँ पर मूलभूत सुविधाओं की उलपब्धता, किसानों द्वारा बिक्री हेतु लाए जाने वाले धान की गुणवत्ता, धान खरीदी केन्द्रों के संचालन हेतु नियुक्त किए गए अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति एवं उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने हड़ताल के पश्चात् आज अपने काम पर लौटे समिति प्रबंधकों से बातचीत भी की। कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर धान खरीदी के कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने अपनी बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होेंने धान खरीदी के कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु निगरानी समिति में शामिल पटवारी, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों तथा नोडल अधिकारियों से भी बातचीत कर धान खरीदी केन्द्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निगरानी दल में शामिल अधिकारी-कर्मचारी एवं नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 08 बजे धान खरीदी केन्द्र में पहुँचकर धान खरीदी कार्य का सूक्ष्मता से माॅनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिससे कि धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.