शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ा कदम: विधायक
महासमुंद। राज्य में जल्द ही 5 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इन पदों के लिए वित्त विभाग ने मंजूरी प्रदान कर दी है। इस पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा। साथ ही प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए अवसर मिलेगा। शिक्षक बनने के लिए कई योग्य युवा राज्य में हैं, उन्हें अब रोजगार मिलेगा साथ ही उनका सपना भी पूरा होगा।
आगे कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन सरकार में शिक्षा व्यवस्था के लिए कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। 5 हजार शिक्षकों की भर्ती न केवल शिक्षण व्यवस्था को गति देगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप शिक्षा को राज्य की शीर्ष प्राथमिकता बनाया गया है। वित्त विभाग द्वारा 5000 शिक्षकों के पदों की भर्ती को मंजूरी देना इसी संकल्प का हिस्सा है। इस निर्णय से स्कूलों में शिक्षकों की कमी पूरी होगी। ग्रामीण व आदिवासी अंचलों में पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ेगी और हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए शिक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्र को संसाधन उपलब्ध कराना हमारी सरकार की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता दोनों है।
बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों का किया था समायोजन
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने बताया कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े फैसले लिए हैं। कुछ माह पहले सेवा समाप्त 2621 बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों का सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजन किया गया। इससे बर्खास्त हुए बीएड अर्हताधारी सहायक शिक्षकों को राहत मिली है। एक समय उन्हें नौकरी जाने का डर था, लेकिन हमारी संवदेनशील सरकार ने किसी वर्ग के साथ अन्याय नहीं करने का संकल्प लिया है।
