बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद, कलेक्टर ने दिए क्षतिपूर्ति देने के निर्देश

महासमुंद। बेमौसम बारिश से अंचल के किसानों की 80 फीसदी से भी अधिक फसल बर्बाद हो गई। शिकायत के बाद कलेक्टर ने प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया। इसके लिए ग्राम छांदनपुर और खेमड़ा के किसानों ने शासन-प्रशासन से क्षतिपूर्ति राशि की मांग की थी, लेकिन किसी तरह की सुनवाई तहसील कार्यालय में नहीं हुई। किसानों ने कलेक्टर से भेंटकर अपनी समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर को बताया गया, कि गर्मी की फसल के समय बेमौसम बारिश और आंधी तूफान से महासमुंद जिले के किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। कलेक्टर ने तत्काल आपदा राशि क्षतिपूर्ति की मांग की स्वीकृति करते हुए जिले के सभी तहसीलदारों को आवंटित करने के निर्देश दिए। मांग पूर्ण होने पर किसान खुश और उत्साहित हैं और उन्होंने जिलाधीश महासमुंद के प्रति आभार व्यक्त किया है।
राशि क्षतिपूर्ति की मांग की स्वीकृति के लिए जिले के किसानों का पक्ष लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुबेलाल साहू, दिग्विजय साहू मंडल अध्यक्ष ग्रामीण, जगदीश पटेल, बलिराम पटेल, तुलसी प्रसाद पटेल, चित्रसेन पटेल सहित अन्य ने पक्ष रखा।