मेजर ध्यानचंद के जयंती पर विभिन्न खेलों का आयोजन

महासमुंद। मेजर ध्यानचंद जयंती के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद द्वारा 29 से 31 अगस्त तक विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया है। स्थानीय मिनी स्टेडियम महासमुंद में आज और कल तक हॉकी खेल प्रतियोगिता आयोजित है। कल 29 से 31 तक शासकीय उच्चतर माध्यम विद्यालय बेमचा महासमुंद में विभिन्न खेलों एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी, कबड्डी, बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता एवं दौड़, लंगड़ी दौड़, कुर्सी दौड़ का आयोजन होगा। 30 अगस्त को इंडोर खेलों, फिटनेश टॉक, खेल से संबंधित विषयों पर वाद-विवाद व गतिविधियों का आयोजन एवं 31 अगस्त को संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। एस्पिरेशनल भारत कोलैबोरेटिव पिरामल फाउंडेशन टीम द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में युवाओं, महाविद्यालयों, संस्थानों, पंचायत स्तर के युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को जोड़कर संडे ऑन सायकल जैसे आयोजनों में बड़े पैमाने पर सहभागिता सुनिश्चित करने प्रेरित किया जाएगा। फाउंडेशन द्वारा फिट इंडिया अभियान में ऑनलाइन पंजीयन, वेबसाइट के माध्यम से फोटो- वीडियो पोस्ट करना और प्रमाणपत्र डाउनलोड करने से सम्बंधित सहयोग प्रदान किया जाएगा, साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर भी युवाओं को खेल एवं स्वास्थ्य हेतु प्रेरित किया जाएगा।