प्लांट से निकले प्रदूषण से फसलों को बचाने किसान मोर्चा की मशाल रैली आज
महासमुंद। राज्य आंदोलनकारी छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा सत्याग्रही किसानों ने सावन के पहले सोमवार को कल नेशनल हाइवे-53 कौंवाझर सत्याग्रह स्थल के पास स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर में महादेव की पूजा -अर्चना की। जिला सत्याग्रह आंदोलन प्रभारी अशोक कश्यप ने बताया कि सभी किसानों ने महादेव से क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान करणीकृपा पाॅवर प्लांट से क्षेत्र में फैले प्रदूषण से लोगों और फसल की सुरक्षा की कामना की । उन्होंने कहा कि करणीकृपा पाॅवर प्लांट पर सरकार जब तक रोक नहीं लगाती तब तक किसान मशाल रैली निकाल प्रदर्शन करते रहेंगे। आगामी मशाल रैली 16 जुलाई को ग्राम पटेवा में निकाली जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों को प्लांट के प्रदूषण से क्षेत्र को मुक्त कराने बड़ी संख्या में मशाल रैली में शामिल होने की अपील की है। मौके पर सत्याग्रही किसान नेता नाथूराम सिन्हा, धर्मेंद्र यादव, बैसाखू सिन्हा, लीलाधर पटेल, दौलत ध्रुव, प्रहलाद ध्रुव, कृष्ण कुमार साहू, खेमिन साहू, टुकेश्वरी ध्रुव, श्याम बाई ध्रुव, ठगनबाई सिन्हा आदि उपस्थित रहे।
