ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा 17.5 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
महिला और बच्चे के साथ कार में कर रहे थे तस्करी, 9.38 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले की कोमाखान पुलिस ने ओडिशा से मध्यप्रदेश गांजा तस्करी कर ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 8 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 9 लाख 38 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर कार्रवाई के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक टाटा इंडिका कार (क्रमांक एमपी-04-सीबी-0848) में गांजा परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम टेमरी जांच नाका के पास वाहन को रोककर जांच की। कार में सवार दो लोगों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान दिनेश गिरी गोस्वामी (35 वर्ष), निवासी जाखनोद, थाना पोहरी, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) तथा ललिता जाटव (26 वर्ष), निवासी धुवानी, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान वाहन से 17.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा के भवानीपटना से खरीदकर मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए महिला और बच्चे को साथ लेकर यात्रा कर रहे थे।
आरोपियों के विरुद्ध कोमाखान थाना में धारा 20(बी)(ii)(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
