शराब घोटाले में संलिप्त आबकारी के प्रभारी जिला अधिकारी निलंबित
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में आरोपी बनाए गए 22 आबकारी अधिकारियों में शामिल महासमुंद के प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी प्रकाश पॉल को आबकारी विभाग ने निलंबित कर दिया है। इस आशय का आदेश वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने जारी किया है। बता दें कि, छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में गुरुवार को प्रदेश स्तर पर बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में की गई है। आबकारी विभाग के 22 अधिकारियों पर आरोप है कि, शराब घोटाले के सिंडिकेट में यह लोग शामिल थे। इन आबकारी अफसरों ने 88 करोड़ रुपए कमिशन के रूप में कमाए थे। पिछले दिनों आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रायपुर की विशेष अदालत में आबकारी अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। जानकारी के अनुसार 7 जुलाई को 29 आबकारी अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने विशेष कोर्ट में करीब 2300 पन्नों का चालान पेश किया था। शराब घोटाले के इस मामले में 29 आरोपियों को ईओडब्ल्यू की ओर से समन जारी किया गया था। अदालत ने सभी आरोपियों को 20 अगस्त तक पेश होने के लिए नोटिस भी जारी किया है।
