अफसरों ने करणी कृपा पॉवर प्लांट में निरीक्षण के दौरान पाई खामियां, जारी किया नोटिस

महासमुंद। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय संयुक्त जांच टीम द्वारा करणी कृपा पॉवर प्रा. लि. ग्राम खैरझिटी की जांच की गई। टीम को जांच में सुरक्षा उपकरण के बगैर कर्मचारी काम करते हुए मिले। श्रम विभाग द्वारा जांच में ओवर टाईम कार्य लिया जाना पाया गया।
अन्तर्राज्यीय प्रवासी कर्मकार अधिनियम अंतर्गत अनुज्ञप्ति लिया जाना नहीं पाया गया। विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा जांच में सभी तौल उपकरण नियमानुसार सत्यापित पाये गए। कोई अनियमितता नहीं पाई गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की जांच में भी कोई कमी नहीं मिला। खनिज विभाग द्वारा जांच में डंप कोयले का रायल्टी स्लिप मौके पर प्रस्तुत किया गया। डंप रेत का रायल्टी पर्ची उपलब्ध नहीं कराया गया। प्रबंधन को 03 दिवस के भीतर रायल्टी पर्ची प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिया गया। परिवहन विभाग द्वारा जांच में प्लांट के अन्दर पाई गई समस्त गाड़ियां अंडरलोड पाई गई। विगत दिनों का वे-ब्रीज का विवरण प्रस्तुत किया गया। उनमें भी समस्त गाड़ियां अंडरलोड पाई गई। पर्यावरण विभाग द्वारा जांच में पाई गई कमियों के संबंध में प्रबंधन को पृथक से नोटिस जारी किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा औद्योगिक इकाइयों की नियमित मॉनिटरिंग कर श्रमिकों की सुरक्षा, कानूनी अनुपालन तथा नियामक दिशा-निदेर्शों के पालन को सुनिश्चित किया जा रहा है। संस्थानों को नियमानुसार सुधारात्मक कदम उठाने के लिए नोटिस जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जांच टीम में मनीष कुमार कुंजाम सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा बलौदाबाजार, डीएन पात्र श्रम पदाधिकारी श्रम विभाग, सिद्धार्थ दुबे निरीक्षक विधिक नापतौल विभाग, शशिकांत प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र महासमुंद, एसके चौधरी उप अभियंता क्षेत्रीय पर्यावरण विभाग रायपुर, सिन्हा आरटीओ इंस्पेक्टर महासमुंद, इन्द्र प्रकाश टेक्निकल सपोर्ट इंजीनियर खनिज विभाग महासमुंद उपस्थित रहे।