रेत भंडारण अनुज्ञा निरस्त करने के बाद चोरी-छिपे रेत चोरी करते 2 जेसीबी लोडर और 2 हाइवा वाहन जब्त
दो दिन पहले कलेक्टर ने बिरकोनी के 5 और बड़गांव के एक भंडारण अनुज्ञा किया था निरस्त
महासमुंद। ग्राम बिरकोनी में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह दो चैन माउंटेन और दो रेत से भरे हाइवा को जब्त किया है। चारों वाहनों को सिटी कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में शनिवार की सुबह खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पंचायत बिरकोनी में 4 वाहनों को रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पकड़ा गया। टीम ने 2 जेसीबी लोडर वाहन और 2 हाइवा को रेत का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया है। चारों वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ सिटी कोतवाली में खड़ा किया गया है। खनिज अधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग ने पूर्व में भी खनिज पट्टेदारों एवं खनिज परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया था कि बिना वैध पीटपास के खनिज का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करना कानूनन अपराध है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग का विशेष अभियान सतत जारी है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने दो दिन पहले ग्राम बिरकोनी के 5 और ग्राम बड़गांव के एक रेत भंडारण अनुज्ञा को निरस्त कर दिया था। अनुज्ञाधारियों ने बरसात से पहले 14 निजी और 43 शासकीय जमीन में बिना अनुज्ञा के तय मात्रा से कई गुणा अधिक रेत भंडारण किया था। जिसे जिला प्रशासन ने जब्त किया है। बिरकोनी में अल सुबह अनुज्ञा निरस्त के बावजूद वहां डंपिंग किया गया रेत को चोरी-छिपे चैन माउंटेन से हाइवा में लोड कर ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन विभाग को रेत चोरी की भनक लगते ही मौके पर पहुंचकर वाहनों को जब्त कर लिया है।
