किसानों की मांग, देवभोग धान का उत्पादन अब उत्तरप्रदेश में भी होगा

निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने उपलब्ध कराई किसानों को बीज
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के देवभोग धान का उत्पादन अब उत्तरप्रदेश में भी होगा। इस धान के अन्न से बनी खीर को भगवान को भोग लगाया जाता है। इसलिए प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या सहित आसपास क्षेत्र के अनेक नगरों के किसानों ने देवभोग धान की फसल लेने की प्रतिबद्धता जताई है। यूपी के उपरोक्त किसानों ने छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) चंद्रहास चंद्राकर को देवभोग धान की बीज प्रदान करने की मांग की है। उत्तरप्रदेश के अयोध्या से 60 किमी दूर ग्राम रजाईपुर तहसील नवाबगंज जिला बाराबंकी निवासी विपिन पटेल ने निगम अध्यक्ष चंद्राकर को प्रेषित पत्र में कहा है कि बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या और बस्ती क्षेत्र के किसान इस वर्ष धान की पारंपरिक, पवित्र और सांस्कृतिक महत्ता रखने वाली किस्म देवभोग धान की खेती करना चाहते हैं।
बता दें कि यह किस्म छत्तीसगढ़ की एक विशेष और गौरवशाली धान प्रजाति है, यह केवल खेती नहीं, आस्था और विरासत का प्रतीक भी है। जिसे उत्तरप्रदेश के किसान वहां इस किस्म को पुनर्स्थापित करना चाहते हैं। जिसके लिए वहां के किसानों ने श्री चंद्राकर से बीज उपलब्ध कराने सहयोग मांगी थी। यूपी के किसानों के साझा प्रयास, उनकी आस्था व प्रभु श्रीराम के प्रति उनके अविरल प्रेम से अभिभूत निगम अध्यक्ष चंद्राकर ने सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर उन्हें देवभोग धान की बीज उपलब्ध कराई है।