देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है और महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान स्वावलंबन पर ज्यादा काम किया है: लक्ष्मी वर्मा

विकसित भारत के अमृतकाल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित संकल्प से सिद्धि तक भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न
महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकसित भारत का अमृतकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष विषय पर आधारित “संकल्प से सिद्धि तक” नामक भव्य जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन जिला कार्यालय में संपन्न हुआ।
इस कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की ऐतिहासिक योजनाओं एवं उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाना, संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं को रणनीतिक दिशा देना रहा। कार्यशाला में जिले भर के सभी मंडलों के पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष व वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला कार्यकर्ताओं को न केवल प्रशिक्षित करने का मंच है, बल्कि उन्हें आगामी चुनौतियों के लिए तैयार करने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सत्ता नहीं, बल्कि सेवा है, और इस विचारधारा को लेकर हम सबको आगे बढ़ना है।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा रहीं, जिन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए कदमों से भारत की आधी आबादी को नया आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता परिवर्तन का वाहक है और संकल्प से सिद्धि तक की यह यात्रा संगठन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास के नए आयाम गढ़े हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला के माध्यम से कार्यकर्ताओं में जोश और समर्पण की नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे हर योजना, हर पहल को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध हों।
बसना विधानसभा विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि संकल्प से सिद्धि तक केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश की आकांक्षाओं को पूर्ण करने की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस राष्ट्र निर्माण के संकल्प का सशक्त वाहक है। डॉ. अग्रवाल ने केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि आदि का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर,वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमशंकर पटेल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अल्का चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक खल्लारी प्रीतम सिंह दीवान, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिता नायडू, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष थानसिंह दीवान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यशाला का संचालन जिला संयोजक राहुल चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। सभी वक्ताओं के प्रेरणादायक संबोधनों ने संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूत किया। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आगामी चुनावों में पार्टी को विजयश्री दिलाने के लिए तन-मन-धन से जुटेंगे।