विश्व पर्यावरण दिवस पर निकाली गई साईकिल रैली

जागरूकता का संदेश के साथ किया गया पौध रोपण
महासमुंद। विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता लाने और प्रदूषणमुक्त वातावरण की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित वन विभाग से साइकिल रैली निकाली गई। रैली स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय तुमाडबरी में समाप्त हुई। सुबह 8 बजे कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली में वन मंडलाधिकारी मयंक पांडेय, एसडीओ वन वेंकटेश, जिला रेडक्रॉस के अध्यक्ष संदीप दीवान, दाऊलाल चंद्राकर, पार्षद राहुल आवड़े, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, प्राचार्य श्रीमती अमी रफस एवं शाला के स्टाफ और बच्चे मौजूद थे।
रैली के समापन स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि आज जिस गति से पर्यावरण का दोहन हो रहा है, उसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है। साईकिल चलाना केवल एक साधन नहीं, बल्कि एक संदेश है, हम प्रकृति से जुड़ना चाहते हैं और उसे बचाना हमारी जिम्मेदारी है। दैनिक जीवन में पानी बचाने को लेकर हमें सजग रहना होगा। वनमंडलाधिकारी मयंक पांडेय ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। पौधारोपण, प्लास्टिक का उपयोग करने में परहेज, और साईकिल जैसे स्वच्छ यातायात के साधनों को अपनाकर हम सभी एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। वन और जल हमारे पर्यावरण के महत्वपूर्ण अंग है। इसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। आओ सब मिलकर इन्हें बचाएं।
फलदार पौधों का रोपण
साईकिल रैली में बच्चों, युवाओं, नागरिकों, स्कूली छात्रों, सामाजिक संगठनों, एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रही। शहर में यह रैली पर्यावरण जागरूकता का संदेश लेकर गुजरी। रैली के समापन पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय तुमाडबरी में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर एवं अतिथियों ने फलदार पौधे जैसे आम, अमरूद, नींबू आदि के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।