ओवरब्रिज के नीचे निर्माण कार्य का लिया जायजा, मिली कई खामियां
महासमुंद। नगर पालिका के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष व वार्ड 14 के पार्षद देवीचंद राठी ने बताया कि वार्ड-14 स्थित ओवरब्रिज के नीचे निर्माण कार्य कराये जाने के पूर्व स्थल निरीक्षण किया, जिसमें कई कमियां मिली। नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू को भी अवगत कराया गया। वे भी मौके पर पहुंचे। वार्ड 19 के पार्षद पति बादल मक्कड़, वार्ड के पूर्व पार्षद गोलू मदनकार भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेन्द्र सिका भी थे। इसके अलावा नगर पालिका एवं सेतू निगम के इंजीनियर के साथ आसपास के नागरिक भी सुझाव देने के लिए उपस्थित थे।
उन्होंने बताया कि वार्ड 14 में स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे लगभग 68 लाख की लागत अद्योसंरचना मद से पेवर ब्लाक दोनों तरफ सर्विस रोड बाउंड्रीवाल बनाने का ठेका हो चुका है, लेकिन इसमें कमियां है। उक्त ठेके के मुताबिक सर्विस रोड के लिए 4 फीट से अधिक चौड़ाई नही मिल पा रही थी। दोनों तरफ संकरी सड़क बन रही है और बीच में बाउंड्रीवॉल का घेरा करने का प्रावधान था। नपाध्यक्ष को बताया गया कि संकरी सड़क बनाने का कोई औचित्य नहीं है। कम से कम 8 फीट चौड़ी सर्विस रोड दोनों तरफ होनी चाहिए। जनता की ओर से सुझाव आया कि ब्रिज के नीचे पूरे कांक्रीट या पेवर ब्लाक बिछाकर ओपन रखा जाए, जनहित में लोगों का काम आएगा। पार्किंग भी हो सकती है, खोमचे ढेले भी लगाए जा सकते हैं। निरीक्षण उपरांत निर्णय लिया गया कि संकरी सड़क बनाने के बजाय सड़क को कम से कम 8 फीट चौड़ी रखी जाए तब आवागमन सुगम होगा। आवागमन सुगम होगा। नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने नपा के सब इंजीनियर को निर्देश दिया कि दोनों तरफ सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के बाद ही घेरा करें। साथ ही ठेकेदार को भी हिदायत दी गई कि निर्माण कार्य तकनीकी अधिकारी के मार्गदर्शन में ही कराएं, अपनी मनमानी ना करें। उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि आने वाले समय में ओवरब्रिज के नीचे को बहुउपयोगी बनाया जाएगा।