किसानों ने पुलिस अधीक्षक का किया पुतला दहन
महासमुंद। छग संयुक्त किसान मोर्चा ने मंगलवार को रायपुर के आजाद चौक में महासमुंद जिलाधीश व एसपी का पुतला दहन किया। बीते दिनों महासमुंद किसान मोर्चा के सदस्यों ने करणी कृपा प्लांट के विरोध में किसान ट्रैक्टर रैली के माध्यम से कलेक्टर के पास जवाब लेने जा रहे थे, तभी एसपी ने किसानों की गिरफ्तारी के साथ 19 ट्रैक्टर जब्त कर लिया था। इसके विरोध में पुतला दहन किया गया। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे ने बताया कि कानून सम्मत व प्रजातांत्रिक ढंग से 13 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों किसान, महिला किसान, मजदूर व बेरोजगारों ने महासमुंद जिला कार्यालय जाने के लिए सत्याग्रह स्थल हाईवे कौंवाझर से ट्रैक्टर रैली तुमगांव चौक पहुंची नदी मोड़ पर पुलिस वाहनों को आड़ा खड़ा कर जाम किया। ट्रैक्टर में सवार किसानों को बलपूर्वक रोक कर गिरफ्तार कर लिया। रैली का नेतृत्व करने वाले मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे एवं वेगेंद्र सोनबेर को महानदी पुल घोड़ारी के पास गैर कानूनी ढंग से गिरफ्तार कर लिया। इसी के विरोध में रायपुर में हांडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन से रैली निकालकर नारा लगाते हुए आजाद चौक पहुंचकर कौंवाझर, खैरझिटी स्थित करणी कृपा प्राइवेट लिमिटेड के विरोध में जिलाधीश व पुलिस अधीक्षक महासमुंद का पुतला दहन किया गया।
