खेल में एक की हार, एक की जीत तय निराश न हो: निखिलकांत

क्रिकेट स्पर्धा के समापन में शामिल हुए नपाध्यक्ष
महासमुंद। जय सहाड़ा देवता क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में ग्राम शेर में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए। खिलाड़ियों व आयोजन समिति के सदस्यों ने नपाध्यक्ष का पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
नपाध्यक्ष ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल कोई भी हो सद्भावना पूर्वक खेलनी चाहिए। खेल भावना से खेले जाने वाले खेल से आपसी भाईचारा व अपनत्व बढ़ता है। जीतने वाले खिलाड़ी अति उत्साहित ना हों और हारने वाले को निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं द्वारा आयोजित स्पर्धा पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं की गांवों में सक्रियता प्रशंसनीय है। युवा पीढ़ी आगे आएंगी तो गांव, समाज व देश का विकास होगा। इस अवसर पर खिलाड़ी पप्पू, सोनू, अजय, राकेश, दीपकेश, युवराज, विक्की, कृष्णा, भुनेश्वर, मुकुंद, खिलेश, प्रियांशु, हीरालाल, तुलसी राम आदि उपस्थित थे।