कलेक्टर ने किया पशुपालन, मछलीपालन एवं उद्यानिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा
आम जनता को अधिक से अधिक लाभान्वित कर आय सृजन के उपाय सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
बालोद, 19 फरवरी 2025। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में पशुपालन, मछलीपालन एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित विभाग के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों के कार्यों से आम जनता को अधिक से अधिक लाभान्वित कर उनके आय सृजन के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, उद्यानिकी एवं मत्स्यपालन विभाग के सहायक संचालकों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने संबंधित विभागों के द्वारा निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने पशु चिकित्सा विभाग के अंतर्गत जिले में विभागीय पद संरचना के संबंध में भी उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग द्वारा जिले में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन, पशु उपचार, बधियाकरण, शल्य क्रिया, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भधारण, प्राकृतिक गर्भधारण आदि के निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धि के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने बैठक में उपस्थित पशु चिकित्सकों एवं विभागीय अधिकारियों सेे विभाग के द्वारा निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने हेतु किए गए उपायों के संबंध में बारी-बारी से जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने मत्स्य विभाग के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में उपस्थित मत्स्य विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार, जीविकोपार्जन के साधन एवं पौष्टिक आहार में मत्स्य व्यवसाय का महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित करने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने शासकीय एवं निजी क्षेत्रों के अंतर्गत जिले में उपलब्ध मत्स्य बीज उत्पादन संसाधन एवं जिले में मत्स्य महासंघ के अधीन सिंचाई जलाशय आदि के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विकासखण्डवार जिले में नदी एवं कछारों के तट पर सब्जी उत्पादन के कार्य के संबंध में जानकारी ली। जिले में फल उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धि तथा वर्ष 2024-25 में सब्जी क्षेत्र विस्तार के निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धि की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी उपाय सुनिश्चित कर आम जनता को उसका अधिक से अधिक लाभ प्रदान करने हेतु समुचित उपाय करने को कहा।
