सारथी दिवस के मोके पर 45 वाहन चालकों का सम्मान
दंतेवाड़ा, 24 जनवरी 2025। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खेल मैदान में विभिन्न विभागो में कार्यरत वाहन चालकों का सारथी दिवस के तहत सम्मान कर प्रशस्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा उन्हें गर्म कपड़े भी दिए गए। मालूम हो कि सम्पूर्ण भारत वर्ष में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह एक से 31 तारीख तक मनाया जा रहा है। अतः सड़क सुरक्षा माह के चलते जिला परिवहन कार्यालय द्वारा व्यवहार, आचरण में उत्तम, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने वाले, वाहनों का बेहतर रखरखाव, एवं सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले, 45 वाहन चालकों को चयनित किया गया था। इस कार्यक्रम में डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी गौरव राय जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, जिला परिवहन अधिकारी गौरव पाटले एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
