सरकारी धान बेचने का मामला, ट्रक चालक सहित दो गिरफ्तार

महासमुंद 13 जनवरी 2025। सहकारी समिति बम्हनी से धान लोड कर संग्रहण केन्द्र ले जाते समय ट्रक में लोड धान को बेचने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपियों से 5 कट्टा धान जब्त किया है, जिसकी कीमत 6200 रुपए आंकी गई है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बम्हनी के प्रबंधक हेमलाल साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जनवरी को ट्रक चालक राजा होरा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बम्हनी से 600 बोरी धान ट्रक में लोड कर संग्रहण केन्द्र तुमाडबरी लेकर जा रहा था। रास्ते में ग्राम मचेवा के पास ट्रक खड़ा कर सहकारी समिति बम्हनी का पांच कट्टा धान ट्रक से उतरवाकर अपने साथी राजा खान के ई रिक्शा में लोड कर चोरी कर ले गया है। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी भाटापारा वर्तमान पता ईमलीभाठा महासमुंद निवासी राजा खान (34) से चोरी की हुई 5 बोरी धान व ई रिक्शा जब्त किया। आरोपी वार्ड 13 पंजाबी पारा महासमुंद निवासी इन्द्रजीत सिंह होरा (31) से चोरी के लिए धान परिवहन करने में प्रयुक्त ट्रक जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली महासमुंद में मामला दर्ज कर न्यायालय से रिमांड पर जेल भेजा गया है।