रेडी-टू-ईट का कार्य देने में सरकार की नीयत साफ नहीं : निखिलकांत

सरकार बनते ही काम देने का था वादा, अब अध्ययन दल के रिपोर्ट पर निर्भर
महासमुंद। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व नगर पालिका के पूर्व सभापति निखिलकांत साहू ने कहा कि प्रदेश के हर वर्ग से छल कर सरकार बनाने में कामयाब रही, भाजपा ने प्रदेश की माताओं-बहनों के भावनाओं से खिलवाड़ किया है। भाजपा ने सरकार बनाने से पूर्व समूह की महिलाओं को रेडी-टू-ईट निर्माण कार्य दिलाने का वादा किया था।
जिससे समूह से जुड़ी हजारों महिलाओं में उत्साह का संचार हुआ तथा भाजपा के बातों पर भरोसा कर महिलाओं ने अपना पूरा समर्थन भाजपा को दिया। लेकिन, जिन महिलाओं के समर्थन से सरकार बनाने में सफल हुए उन्हीं से वादाखिलाफी कर उनकी भावनाओं को आहत करने का कार्य भाजपा ने किया है।
निखिलकांत ने कहा कि प्रदेश के सैकड़ों महिला समूहों के अलावा महासमुंद जिले के दर्जनों समूहों को रेडी टू ईट काम मिलने की उम्मीद थी। सरकार ने वादा किया था कि सरकार बनते ही समूह की महिला बहनों को रेडी-टू-ईट निर्माण कार्य प्रदान किया जाएगा। लेकिन, 1 साल से अधिक समय बीतने के बाद भी भाजपा ने महिलाओं से किया वादा नहीं निभाया। नयापारा के जय मां दुर्गा महिला स्वसहायता की महिला बहनों ने बताया कि रेडी टू ईट निर्माण कार्य मिलने की घोषणा से वे उत्साहित थीं। उनका काम पुन: शुरू होने की उम्मीद जगी थी। रेडी टू ईट निर्माण कार्य के समय अनेक समूहों ने बैंक से कर्ज लेकर मशीनें लगवाई है, जिसके किश्तों का भुगतान काम बंद हो जाने के कारण नहीं हो पा रहा है। बैंक वाले उन्हें नोटिस भेज रहे हैं। समूह से जुड़ी महिलाएं गरीब वर्ग की हैं। रेडी टू ईट का निर्माण कार्य उन्हें मिलता तो उन्हें रोजगार उपलब्ध हो जाता। बैंक का कर्ज भी समय पर चुका पातीं। लेकिन, सरकार के उदासीन रवैए से प्रदेश भर के महिला समूहों के सदस्यों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केवल अध्ययन दल का गठन करने तक ही सीमित हो गया। व्यवस्था का निरीक्षण/ परीक्षण किये जाने हेतु अध्ययन दल का गठन किया गया है। अध्ययन दल द्वारा सौंपे रिपोर्ट के आधार पर ही इसका निर्णय किया जाएगा, जो छग की महिलाओं के साथ सरासर धोखेबाजी है।