पागल कुत्ता ने अब तक 15 को किया घायल

महासमुंद। शहर में इन दिनों एक पागल कुत्ते ने देहशत फैला रखी है। नगर के सतबहिनियां चौक गुडरूपारा, मचकुरी लाइन, दुर्गा चौक सहित आसपास एक पागल कुत्ता इन क्षेत्रों से गुजरने वालों को अपना शिकार बना रहा है और अभी तक कई लोगों को काट चुका है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पालिका के नवनियुक्त अधिकारी, कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुरेश तिवारी, अनुराग गुप्ता पार्किंग स्थल पर वाहनों की सफाई करा रहे थे। इस दौरान एक भूरे रंग के कुत्ते ने अचानक श्री तिवारी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। लहुलुहान अवस्था में श्री तिवारी अस्पताल भी नहीं पहुँच पाये थे कि कुत्ते ने पालिका कर्मचारी अनुराग गुप्ता को भी काट लिया। इसी दौरान सहकारी बैंक की एक महिला कर्मी अवकाश के बाद अपने घर जाने के लिये निकली थी तथा शहर के बाजार वार्ड स्थित चूनावाले दाऊ वहां से गुजर रहे थे, उन्हें भी कुत्ते ने जख्मी कर दिया। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से पागल कुत्ता इस क्षेत्र में घूम रहा है और लोगों को काट रहा है। उसने अभी तक करीब 15 लोगों को जख्मी कर चुका है। आसपास इस पागल कुत्ते के कारण लोग दहशत में हैं । कुत्ते के कारण वार्डवासियों को हमेशा बच्चों और बुजुर्ग के लिए चिंता सता रही है।