अतिरिक्त कक्ष के लिए 13 लाख रुपए का अनुमोदन

जनभागीदारी समिति की बैठक में विभिन्न विषयों को लेकर हुई चर्चा
महासमुंद। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को जनभागीदारी समिति की बैठक हुई। बैठक में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। बैठक में महाविद्यालय के विभिन्न विषयों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
प्रभारी प्राचार्य करूणा दुबे ने स्वागत भाषण देते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियां बताई। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में अर्थशास्त्र एवं वनस्पतिशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। साथ ही विभिन्न अवार्ड, गणतंत्र दिवस, थल सेना कैंप में चयन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय को प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी तथा विभिन्न महाविद्यालयीन समस्याओं के संबंध में बात रखी। जनभागीदारी प्रभारी डॉ. दुर्गावती भारतीय ने जनभागीदारी समिति का आय-व्यय, महाविद्यालय की आवश्यकताओं, समस्याओं व अपेक्षाओं पर आधारित प्रतिवेदन का पठन किया। तत्पश्चात विधायक एवं अध्यक्ष जनभागीदारी समिति योगेश्वर राजू सिन्हा ने एजेंडा अनुसार ग्रंथालय भवन के ऊपर निर्मित अतिरिक्त कक्ष के लिए 13 लाख रुपए का अनुमोदन किया। नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष के लिए ग्रीन बोर्ड व ऑफिस टेबल के लिए एक लाख तीस हजार रुपए, कक्ष क्रमांक 01 में नवीन प्रोजेक्टर एवं साउंड सिस्टम के रिपेयर के लिए एक लाख रुपए, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत ग्रंथालय के लिए एक लाख 15 हजार रूपए, विज्ञान संकाय, कला संकाय के प्रायोगिक कार्य के लिए दो लाख रुपए, जनभागीदारी मद से कार्यरत सभी कर्मचारियों के मानदेय में 500 रुपए की वृद्धि इसी महीने से की गई एवं दीपावली में बोनस देने की घोषणा की। पानी की समस्या एवं पाइपलाइन हेतु उन्होंने पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता से संपर्क कर महाविद्यालय में दो बोर खनन एवं पाइपलाइन, पानी टंकी संबंधी समस्या समाधान के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने जनभागीदारी बैठक सत्र में चार बार आयोजित करने, दो या तीन लाख से अधिक राशि की आवश्यकता वाले कार्य पर शासन से मांग पत्र एवं वर्तमान में छात्र संख्या के अनुपात में आवश्यक पद सेटअप के लिए पत्र शासन को भेजे जाने की सहमति दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कहीं। बैठक में संदीप दीवान, अमृत चोपड़ा, संदीप घोष, पवन पटेल, देवीचंद राठी, रमेश साहू, महेश मक्कड़, कमलेश ध्रुव, विनोद रात्रे, धर्मेंद्र डड़सेना, डॉ. शेषनारायण गुप्ता, आनंद गिरी, मनीष बंसल, लालविजय सिंहदेव, वाणी तिवारी, गुलाब सेन सहित महाविद्यालय के सदस्य डॉ. नीलम अग्रवाल, डॉ. ईपी चेलक, मुकेश साहू, कुंदन देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार राजा ने व आभार प्रदर्शन डॉ. नीलम अग्रवाल ने किया।