किसान से 49 हजार रुपए की लूट, बैंक से रुपये निकाल कर जा रहे थे घर
महासमुंद। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा भंवरपुर से रुपये निकालकर घर जा रहे किसान से 49 हजार रुपये की लूट हो गई। घटना करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम उमरिया निवासी किसान हरीश यादव जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा भंवरपुर से 49 हजार रुपये निकालने के बाद घर जा रहा था। श्याम अस्पताल और बीएसएनएल टावर के पास बाइक से एक युवक तेज रफ्तार से आया और किसान के गमछे में लपेटकर रखे 49 हजार रुपये को लेकर भाग गया। कुछ दूर तक किसान ने पीछा कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। किसान ने मदद के लिए आवाज भी लगाई लेकिन आसपास कोई नहीं होने के कारण सहायता नहीं मिल पाई। किसान ने घर पहुंचकर परिजनों को लूट के बारे में जानकारी दी। बाद परिजनों के साथ भंवरपुर चौकी पहुंचकर किसान ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
