महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महतारी वंदन एक महत्वपूर्ण कदम-विधायक

 

कोंडागांव, 26 दिसंबर 2024। राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुशासन का एक साल – छत्तीसगढ़ हुआ खुशहाल अंतर्गत महिला एवं बालविकास विभाग के द्वारा विधानसभा स्तरीय महतारी वंदन महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेण्डी सम्मिलित हुई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की छत्तीसगढ़ के जनमन के लिए प्रेषित की गई ‘विष्णु की पाती का वितरण किया गया। साथ ही बाल विवाह के रोकथाम के लिए सभी को शपथ भी दिलाई गई।
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कार्यक्रम में उपस्थित महिला शक्ति को नमन करते हुए कहा कि सरकार की योजना हर व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए आप सभी की भूमिका महत्वपूर्ण हैं। आप सभी अपने आसपास के लोगों को भी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें लाभ उठाने प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिले के महिला हितग्राहियों के खाते में हर महीने 17 करोड़ का लेन देन हो रहा है और जिससे आर्थिक विकास भी हो रहा है। विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत महिलाओं को मिलने वाली सहायता की जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर जिले की महिलाएं अपने जीवन को बेहतर बना सकती हैं। सुश्री उसेंडी ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। यह राशि भले ही छोटी हो, लेकिन इस राशि ने महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है और आर्थिक रूप से बहुत राहत मिल रही है।
विधायक सुश्री उसेण्डी ने इस अवसर पर महिलाओं को ग्रामीण बैंक से मिलने वाली 25 हजार रुपये तक की ऋण सुविधा के बारे में भी बताया और कहा कि इस ऋण के माध्यम से महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ मिलकर छोटी-बड़ी व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर सकती हैं, जिससे उनका आर्थिक विकास संभव हो सके। सुश्री लता उसेंडी ने नोनी योजना की भी सराहना की, जिसके तहत बच्चों को 18 वर्ष की उम्र में 1 लाख रुपये तक का लाभ मिलेगा। यह योजना बच्चों को पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है, ताकि वे जीवन में बेहतर अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने दुग्ध सहकारी समिति में महिलाओं की सहभागिता से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और गांवों में रहने वाली महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। कार्यक्रम में सुश्री उसेंडी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही समाज और देश का विकास संभव है। केन्द्र एवं राज्य सरकार महिलाओं को हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए अपनी पहचान बना सके। उन्होंने महिलाओं को शासन की जानकारी रखने के साथ अन्य ग्रामीणों को भी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले की 01 लाख 39 हजार महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है और सीधे उनके खाते में सहायता राशि जमा हो रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को बैंक खाते से राशि आहरण में गांव-गांव में बैंक सखी द्वारा मदद की जा रही है, जिससे उन्हें बैंक तक आने जाने में लगने वाले खर्च से राहत मिल रही है। इस मौके पर जिले की बेटी हेमबती नाग को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह एक हजार मिल रहा है जिससे उनके आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो रहा है। दीपेश अरोरा ने कहा कि सरकार द्वारा घोषणा के अनुरूप एक हजार रुपए प्रति माह महिलाओं को दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया कि इससे महिलाएं आगे बढ़ रही हैं और परिवार भी मजबूत हो रहा है। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए रस्साकसी प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के माध्यम से महतारी वंदन योजना के लाभ के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बालसिंह बघेल, मनोज जैन एवं अन्य जनप्रतिनिधि सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और महतारी वंदन योजना के लाभार्थी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.