फोटो प्रदर्शनी से अटल बिहारी के विराट व्यक्तित्व को दी गई श्रद्धांजलि, 2047 तक विकसित जिला बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार-कलेक्टर

 

कोरिया 25 दिसम्बर 2024। सुशासन सप्ताह के समापन व भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिला पंचायत के मंथन कक्ष में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संदेश को सुना गया, जिसमें उन्होंने अटल बिहारी को याद करते हुए उनकी जन्मशती को ‘‘अटल निर्माण वर्ष‘‘ के रूप में मनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी का विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। विधायक भैयालाल राजवाड़े ने प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए अटल बिहारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा अटल बिहारी का जीवन प्रेरणा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उनकी दूरदृष्टि और नेतृत्व ने देश को एक सशक्त और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर किया। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने जिले को 2047 तक विकसित जिला बनाने के लिए तैयार कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। कलेक्टर ने बताया कि पर्यटन विकास के लिए तीन जलप्रपातों को चिन्हित कर उनके विकास की योजना तैयार की गई है। होम स्टे जैसी योजनाओं को बढ़ावा देकर स्थानीय रोजगार के अवसर विकसित किए जाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और महिलाओं की भागीदारी से जल शक्ति अभियान को सशक्त किया जाएगा, वहीं जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने अपने संदेश में कहा, ‘‘सुशासन का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब शासन की योजनाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचें। हमें अटल जी की नीतियों और विचारों से प्रेरणा लेते हुए इस दिशा में कार्य करना होगा। कार्यक्रम में डॉ. राजकुमार शर्मा ने अटल बिहारी की कालजयी कविता ‘‘गीत नया गाता हूं‘‘ का भावपूर्ण पाठ किया। यह प्रस्तुति उनके साहित्यिक पक्ष को सामने लाती है, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है। यह फ़ोटो प्रदर्शनी दो दिनों तक जनता के लिए खुली रहेगी, जिसमें अटल जी के जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों और उपलब्धियों को दर्शाने वाली तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। अटल बिहारी के विचार और कृतित्व सभी के लिए प्रेरणा के स्त्रोत बने हुए हैं।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.