प्रेमिका से शादी से इंकार करने पर उतारा मौत के घाट
प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ दिया वारदात को अंजाम
महासमुंद। बेटी के साथ शादी से इंकार करने पर प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमिका के पिता की हत्या कर दी। आरोपी प्रेमी और उसके 2 दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
मिली जानकारी के मुताबिक तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मालीडीह निवासी गोविन्द पटेल पिता उग्रसेन पटेल (40) ने 18 दिसंबर को तुमगांव थाने में एक गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। गोविंद पटेल पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर की शाम 4 बजे से चाचा हीराधर पटेल पिता चंद्रिका प्रसाद पटेल (51) घर से बिना बताये कहीं चला गया है और अभी तक वापस नहीं आया है। जिस पर पुलिस गुम इंसान की खोजबीन में लगी रहीं।
इस बीच पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिला कि गुम इंसान हीराधर पटेल को गांव के मोहित पटेल के साथ देखा गया था। इस सूचना के बिना पर और शक के आधार पर बिरबिरा ग्राम के रहने वाले मोहित पटेल पिता नीलाम्बर पटेल (26) को कस्टडी में लेकर पूछताछ की तो आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। जब पुलिस कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो आरोपी ने सारे राज़ उगल दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि अपने साथी पंकज पाईक और मनोज निषाद के साथ 17 दिसंबर की शाम करीब 4. 30 बजे बिरबिरा के जंगल में हीराधर पटेल को बरहा मांस देने के बहाने बुलाकर अपने साथियों के साथ हथौडे से सिर में मारकर हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपा दिया। आरोपी के बताया अनुसार पुलिस घटनास्थल से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।साथ ही पुलिस घटना में संलिप्त आरोपी पंकज पाईक, मनोज निषाद को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से हथौडा व मृतक के मोबाईल व मोटर सायकल को जब्त कर तीनों के खिलाफ धारा 103(1), 61(2), 238, 3(5) BNS के तहत् गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज गया।
बताया जाता है कि आरोपी का मृतक की बेटी के साथ प्रेम संबंध था और उससे शादी भी करना चाहता था। आरोपी ने मृतक के समक्ष कई शादी का प्रस्ताव रखा था। लेकिन मृतक हीराधर इस शादी से इंकार कर दिया था। आरोपी मोहित ने लड़की से शादी करने के लिए लड़की के पिता को ही रास्ते हटाने की साज़िश रची। और 17 दिसंबर को सूअर का मांस खरीदने बिरबिरा के जंगल में बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
