सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता दौड़ 29 को
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 28 अक्टूबर 2024। लौह पुरूष सरदार वल्लभ पटेल की 150वीं जयंती के अवसर 29 तारीख को सुबह 7.30 बजे रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन किया गया है। यह दौड़ पुलिस कण्ट्रोल रूम गौरेला से प्रारम्भ होगा और कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त होगी। सरदार पटेल की जयंती 31 तारीख को है, इस दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। 31 को दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए एकता दौड़ का आयोजन 29 को किया गया है। एकता दौड़ में महिला, पुरूष, खिलाड़ी, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी सहित सभी वर्ग के धावक भाग ले सकते हैं। दौड़ में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 5 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ का शुभारंभ करेंगी। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को एकता दौड़ में अनिवार्य रूप से शामिल होने निर्देशित किया है। साथ ही एकता दौड़ को सफल बनाने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
