केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह 25 को महामारी निधि परियोजना और 21वीं पशुधन गणना अभियान का शुभारंभ करेंगे
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2024। केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह देश में पशु-स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ करेंगे। ये दो पहल हैं – “महामारी का सामना करने के लिए भारत में पशु-स्वास्थ्य सुरक्षा सुदृढ़ीकरण” पर महामारी निधि परियोजना और 21वीं पशुधन गणना अभियान। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 25 अक्टूबऱ, 2024 को सुबह 10 बजे नई दिल्ली में शाहदरा स्थित होटल लीला एंबियंस कन्वेंशन में होगा। कार्यक्रम में मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और श्री जॉर्ज कुरियन भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में जी-20 शेरपा श्री अमिताभ कांत, नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) प्रो. डॉ. वीके पॉल, पशुपालन और डेयरी विभाग की सचिव सुश्री अलका उपाध्याय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव श्री पुण्य सलिला श्रीवास्तव सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान भारत में पशु स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जारी किए जाएंगे। पशुपालन और डेयरी विभाग सभी हितधारकों को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है जिससे महामारी की तैयारी और पशु-स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में जारी प्रयासों में योगदान दिया जा सके।