12 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

तैयारियों को लेकर जिला न्यायालय बालोद में हुई महत्वपूर्ण बैठक
बालोद, 27 नवंबर 2026/राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर जिला एवं सत्र न्यायालय, बालोद में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों, अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण तथा आम नागरिकों को इसके लाभों से अवगत कराने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में विशेष रूप से बैंकों से संबंधित लंबित ऋण वसूली प्रकरणों, बकाया ऋण राशि, ऋण की किश्तों की अदायगी, एनपीए खातों तथा चेक बाउंस से संबंधित राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण पर चर्चा की गई। बैंक अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने बैंकों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की पहचान कर अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत करने हेतु आवश्यक तैयारी करें। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत से पूर्व संबंधित पक्षकारों को उनके प्रकरणों की जानकारी देकर समझौते की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए।
वहीं, विद्युत विभाग से संबंधित बिजली बिल बकाया, विद्युत देयकों एवं अन्य राजीनामा योग्य प्रकरणों के निराकरण के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित पात्र प्रकरणों को चिह्नित कर आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों के साथ लोक अदालत में प्रस्तुत करने की तैयारी करने पर जोर दिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में संजय कुमार सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बालोद, सुश्री भारती कुलदीप, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद, विभिन्न बैंकों के अधिकारी व प्रतिनिधि तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक एवं प्रशासनिक स्तर पर आपसी समन्वय और बेहतर कार्ययोजना तैयार करने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.