‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिले की सभी 436 ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई विशेष ग्राम सभा

ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं किशोरियों को दी गई विधिक प्रावधानों की जानकारी
बालोद, 27 नवंबर 2026/राज्य बाल संरक्षण समिति एवं संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आज ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बालोद जिले की समस्त 436 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संवेदीकरण कार्यक्रम व शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुए।
विशेष ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं किशोरी बालिकाओं को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि कानून के तहत बालिका की न्यूनतम विवाह आयु 18 वर्ष एवं बालक की 21 वर्ष निर्धारित है तथा बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है, जिसमें 2 वर्ष तक के कारावास और 1 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके साथ ही बाल विवाह से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया। सभी उपस्थित ग्रामीणों ने बाल विवाह रोकथाम का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर गुरुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कोलिहामार में जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा, परियोजना अधिकारी सुरेन्द्र बंजारे, सेक्टर सुपरवाइजर सुश्री रूपाली कश्यप, जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती दिनेश्वरी सिन्हा व परामर्शदाता श्रीमती पूर्णिमा साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इसी प्रकार बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत सिवनी, झलमला एवं हीरापुर में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू व केस वर्कर प्रीतम सिंह तथा गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम पंचायत कोहंगटोला, रेवती नवागांव व घुमका में संरक्षण अधिकारी देवेंद्र देशमुख सहित समस्त परियोजना अधिकारियों एवं सेक्टर सुपरवाइजरों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम का सफल संचालन किया। अभियान में पंचायती राज संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों सहित अन्य समाजसेवी संगठनों की सक्रिय सहभागिता रही।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.