जिले में विकास कार्यों को मिली नई गति, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने करोड़ों के निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन

हसिया नदी पर 488.95 लाख रुपये की लागत से बनेगा उच्चस्तरीय पुल, शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, सामुदायिक भवन और स्टेडियम विकास सहित कई कार्यों की रखी आधारशिला
एमसीबी 28 नवंबर 2026/जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इनमें रापाखेरवा से आमाखेरवा मार्ग पर हसिया नदी में 488.95 लाख रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के साथ नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन, आरसीसी शेड, अतिरिक्त कक्ष तथा स्टेडियम में मंच एवं गैलरी निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। साथ ही नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व संसदीय सचिव श्रीमती चंपादेवी पावले, मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, नगर पंचायत नई लेदरी अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह राणा, लोक निर्माण विभाग की प्रभारी श्रीमती सुनैना विश्वकर्मा, पार्षद स्वप्निल सिन्हा, अनिल प्रजापति, मोहम्मद सईद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो, उप अभियंता विकास मिश्रा, अजय सिंह पैकरा सहित नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हसिया नदी पर 488.95 लाख़ रुपये से बनेगा उच्चस्तरीय पुल
भूमिपूजन कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण कार्य रापाखेरवा से आमाखेरवा मार्ग पर हसिया नदी में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण है। लोक निर्माण विभाग के सेतु निर्माण मुख्यालय अम्बिकापुर के अंतर्गत उपसंभाग मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा 488.95 लाख रुपये की लागत से इस कार्य का क्रियान्वयन किया जाएगा। पुल का निर्माण पूरा होने से रापाखेरवा, आमाखेरवा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर बारिश के दिनों में नदी के कारण आवागमन में होने वाली परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। पुल क्षेत्र के गांवों को बेहतर संपर्क सुविधा से जोड़ने के साथ आवागमन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वार्ड क्रमांक 22 में 74.41 लाख रुपये के कार्य का भूमिपूजन
नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 22 में राज्य प्रवर्तित मद के अंतर्गत 74.41 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्य की आधारशिला रखी गई। कार्य पूरा होने से वार्ड की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वार्ड 01 और 20 में सामुदायिक भवन, शेड और अतिरिक्त कक्ष का होगा निर्माण
नगर पालिका क्षेत्र में व्याख्यात्मक मद से तीन महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इनमें वार्ड क्रमांक 01 में 19.34 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, इसी वार्ड में लोको लाइन के पास 5 लाख रुपये की लागत से आरसीसी निर्माण शेड तथा वार्ड क्रमांक 20 में 10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण शामिल है। इन कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं आरसीसी शेड और अतिरिक्त कक्ष का निर्माण भी संबंधित क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करने में उपयोगी साबित होगा।
वार्ड 18 के स्टेडियम में 96.88 लाख रुपये से बनेगा मंच और गैलरी
शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 18 स्थित स्टेडियम में मंच, गैलरी एवं अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे। अधोसंरचना मद के अंतर्गत इस कार्य के लिए 96.88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण पूरा होने के बाद स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित होंगी। इससे खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शहरवासियों को सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने क्षेत्र में विकास कार्यों के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों और नागरिकों को उनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.