नेशनल एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में धमतरी के 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सहभागिता
15 से अधिक उद्यमियों का उद्यम पंजीयन, सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर बनने के अवसरों की मिली जानकारी
धमतरी, 28 नवंबर 2026/अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक अवसरों, सरकारी योजनाओं और संस्थागत सहयोग से जोड़ने की दिशा में धमतरी जिले के लगभग 60 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव में सहभागिता की।
भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित इस कॉन्क्लेव की अध्यक्षता केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने रायपुर के कचना क्षेत्र में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (NSSH) के नवीन कार्यालय का भी उद्घाटन किया।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य एससी-एसटी वर्ग के उद्यमियों को उद्यमिता, सरकारी योजनाओं, सार्वजनिक खरीद नीति तथा बड़े बाजारों से जुड़ने के अवसरों की जानकारी देना था। इसमें केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (CPSUs), बैंकों, वित्तीय संस्थानों, जेम (GeM), एनएसआईसी, सीएसआईडीसी तथा राज्य शासन के प्रतिनिधियों ने उद्यमियों को मार्गदर्शन दिया।
धमतरी के प्रतिनिधिमंडल में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक लोकपाल खांडेकर, जिला रिसोर्स पर्सन डॉ. संदीप मेश्राम तथा ICCSWE छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं CGS Network के मुख्य समन्वयक एवं सीईओ उमेश कुमार महिलानी सहित उद्यमी एवं जिला स्तरीय टीम के सदस्य शामिल रहे। कॉन्क्लेव में जिले के 15 से अधिक प्रतिभागियों का उद्यम (Udyam) पंजीयन कराया गया। वहीं NMDC, SAIL सहित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों में वेंडर पंजीयन के लिए उद्यमियों को आवेदन प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए। धमतरी की स्थानीय उद्यम इकाई M/s Hemal Food ने स्टॉल के माध्यम से अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक खरीद नीति के तहत केंद्र सरकार के मंत्रालयों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के लिए एमएसई से न्यूनतम 25 प्रतिशत खरीद का प्रावधान है, जिसमें एससी-एसटी उद्यमों के लिए 4 प्रतिशत तथा महिला उद्यमियों के लिए 3 प्रतिशत का उप-लक्ष्य निर्धारित है।
जिला प्रशासन द्वारा STARTUP DHAMTARI एवं YUVA DHAMTARI जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उद्यमिता और स्टार्टअप विकास को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। आगामी दिनों में आईआईएम रायपुर सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय संस्थानों के सहयोग से एससी-एसटी उद्यमियों के लिए विशेष प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास तथा नेशनल एससी-एसटी हब के सहयोग से वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
