दो दिन में 1,156 कट्टा से अधिक धान जब्त

बसना-पिथौरा-कोमाखान में संयुक्त टीम की कार्रवाई; राइस मिल का भी किया निरीक्षण
महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही जिले में अवैध धान के भंडारण, खरीदी और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच और निरीक्षण कर रही हैं। इसी कड़ी में 23 और 24 नवंबर को जिले के विभिन्न तहसीलों में कार्रवाई करते हुए 1,156 कट्टा से अधिक अवैध धान जब्त किया गया। जब्त धान को मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए मंडी विभाग को सौंपा गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई में बसना, पिथौरा और कोमाखान तहसील के विभिन्न गांवों तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अवैध धान का भंडारण सामने आया। जांच के दौरान कहीं घरों में तो कहीं दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में धान पाया गया।
पिथौरा में 916 कट्टा से अधिक धान जब्त
23 नवंबर को तहसील पिथौरा के ग्राम भुरकोनी में विकास अग्रवाल के पास से 600 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए मंडी निरीक्षक को सौंपा गया। इसी दिन बसना तहसील के ग्राम घुमाभाठा में हंसलाल पिता जगतूराम के पास से 45 कट्टा तथा ग्राम लम्बर में दिनेश कोसरिया की दुकान से लगभग 62 पैकेट खुला धान मिला। दोनों मामलों में धान जब्त कर मंडी विभाग को सौंपा गया।
24 नवंबर को पिथौरा तहसील में भी कार्रवाई
जारी रही। जंघोरा स्थित शंकर ट्रेडर्स से 116 कट्टा, किशनपुर स्थित रुखमणी ट्रेडर्स से लगभग 200 कट्टा तथा ग्राम खैरखुटा में जितेश बरिहा के पास से 33 कट्टा अवैध धान पाया गया। राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।
कोमाखान में घर और दुकान से धान जब्त
तहसील कोमाखान के ग्राम धौराभाटा में सलीम रिजवी की दुकान से 40 कट्टा तथा ग्राम भालूकोना में नरेश पिता घनाराम के घर से 60 कट्टा अवैध धान मिला। दोनों स्थानों पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
राइस मिल में स्टॉक और अभिलेखों की जांच
अवैध धान के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही प्रशासनिक टीम ने महासमुंद स्थित शांति विजय एग्रोटेक राइस मिल का भी निरीक्षण किया। तहसीलदार संतोष धुर्वे के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा, मंडी निरीक्षक गिरधारी लाल ध्रुव एवं उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया ने मिल के स्टॉक और अभिलेखों का परीक्षण किया। जांच में स्टॉक एवं रिकॉर्ड संतोषजनक पाए गए।
मिलर ने कोंडागांव जिले में जमा किए जाने वाले चावल के तीन लॉट आगामी चार दिनों में जमा करने का आश्वासन दिया है।
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण, खरीदी और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिचौलियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मंडी अधिनियम सहित प्रचलित प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.