हर वोट की सुरक्षा ही देश की सुरक्षा : विनोद चंद्राकर
भलेसर-कनेकेरा में कांग्रेस की बूथ स्तरीय जनचौपाल, मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा पर दिया जोर
महासमुंद। लोकतंत्र की मजबूती का आधार जनता का वोट है और यदि मताधिकार की सुरक्षा ही खतरे में पड़ जाए तो लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा। इसलिए हर नागरिक को अपने वोट के प्रति जागरूक रहना होगा और मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करनी होगी। यह बात पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने भलेसर और कनेकेरा में आयोजित बूथ स्तरीय जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रमों में कही।
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों में चंद्राकर ने कांग्रेसजनों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल बड़े मंचों से नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाकर और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करके की जा सकती है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता अपने बूथ की जिम्मेदारी समझे और गांव-गांव जाकर लोगों को मतदाता सूची की जांच के लिए जागरूक करे।
योग्य मतदाता का नाम न कटे, फर्जी नाम भी न जुड़े
पूर्व विधायक ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे और कोई फर्जी मतदाता सूची में शामिल न हो। मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। वर्तमान अभियान भी इसी संकल्प का हिस्सा है। कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का संकल्प
जनचौपाल में मतदाता सूची की पारदर्शिता, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित रखने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कांग्रेसजनों एवं ग्रामीणों की भागीदारी के बीच अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
चंद्राकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशन और जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोकतंत्र की मजबूती के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और देश के प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानिक साहू, दिलीप चंद्राकर, कुलेश्वर ठाकुर, रामा यादव, सौरभ चंद्राकर, बलराम पटेल, कुणाल चंद्राकर, विराज चंद्राकर, अमन चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, रेवा साहू, लेडगा राम साहू, आलोक नायक, कमलेश चंद्राकर, दारा साहू, मायाराम टंडन, दिगेश सत्यम, दिलीप जैन, नवदीप चंद्राकर, थनवार यादव, परमेश्वर साहू, जीवन यादव सहित कांग्रेसजन एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
