सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, ढाबों और रेस्टोरेंट का किया निरीक्षण
यादव होटल और चंदन भोजनालय में मिली कमियों पर कार्रवाई, गेहूं आटा और पापड़ के नमूने जांच के लिए संकलित
एमसीबी/ 25 नवंबर 2026/आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में ‘सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार’ अभियान के तहत ढाबों, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में विगत 23 नवंबर 2026 को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी संकलित किए गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान नागपुर चौक स्थित यादव होटल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में खाद्य पंजीयन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर संचालक को आवश्यक निर्देश देते हुए प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कहा गया। साथ ही कर्मचारियों को एप्रोन एवं हेड कवर पहनकर खाद्य सामग्री तैयार करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए संदेह के आधार पर गेहूं आटे का नमूना भी संकलित किया गया।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविकांत गुप्ता द्वारा मनेन्द्रगढ़ स्थित चंदन भोजनालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसके साथ ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता की जांच के लिए संदेह के आधार पर पापड़ का नमूना संकलित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविकांत गुप्ता ने बताया कि ‘सुरक्षित आहार, हमारा अधिकार’ अभियान के तहत जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई 30 नवंबर 2026 तक लगातार जारी रहेगी। इस दौरान जिले के विभिन्न ढाबों, रेस्टोरेंट एवं अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों से प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने, कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा पोशाक उपलब्ध कराने तथा आवश्यक पंजीयन एवं लाइसेंस रखने की अपील की है।
