आदिवासी समाज की समस्याओं पर अब एकजुट होकर लड़ेगा समाज, एक बैनर के नीचे आएंगे सभी संगठन
6 सूत्रीय मांगों को लेकर 1 दिसंबर को प्रदेश के सभी 90 विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन, तैयारी के लिए 29 नवंबर को महासमुंद में संयुक्त बैठक
महासमुंद। आदिवासी समाज की समस्याओं और अधिकारों को लेकर अब अलग-अलग संघर्ष करने के बजाय एकजुट होकर आवाज बुलंद की जाएगी। समाज की विभिन्न संस्थाओं और संगठनों को एक मंच पर लाकर साझा लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया गया है। भविष्य में सर्व आदिवासी समाज का एक ही बैनर होगा, जिसके माध्यम से समाज की मांगों और समस्याओं को सरकार के सामने प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
इस संबंध में सर्व आदिवासी समाज (रूढ़िगत जन्य परंपरा) एवं पंजीकृत संस्था की संयुक्त बैठक रायपुर स्थित विमतारा होटल में आयोजित की गई। बैठक में समाज की 6 सूत्रीय मांगों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सभी संगठन एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। बैठक में विभिन्न जिलों से पहुंचे सदस्यों ने इस निर्णय का स्वागत किया और एकजुटता को समाज के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में आगामी 1 दिसंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के सभी 90 विधायकों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय भी लिया गया। इसके माध्यम से समाज की 6 सूत्रीय मांगों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में तैयारी की जा रही है।
इसी कड़ी में महासमुंद जिले के सर्व आदिवासी समाज की संयुक्त बैठक 29 नवंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे शहीद वीर नारायण सिंह परिसर (तहसील कार्यालय), महासमुंद में आयोजित की जाएगी। बैठक में ज्ञापन सौंपने की रणनीति और आवश्यक तैयारियों पर चर्चा होगी।
जिला सचिव एसपी ध्रुव ने जिले के सभी सामाजिक साथियों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। साथ ही छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के सदस्यों से भी अनिवार्य रूप से शामिल होने का आग्रह किया गया है।
समाज की एकता और साझा संघर्ष को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई है।
