सरकारी जमीन पर निर्माण का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर में सरकारी जमीन पर कथित अवैध निर्माण का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि निर्माण का विरोध करने पर आरोपियों ने ग्रामीण के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना 21 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे की बताई गई है। ग्राम बरबसपुर में बनानीपाली मार्ग पर जगन्नाथ मंदिर के पास सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य किए जाने की शिकायत सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, कुसुम साहू के पति प्यारे लाल, धनश्वर साहू के पुत्र एक्का साहू तथा धनश्वर साहू के पुत्र कैलाश साहू सहित अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि आरोपियों ने एकराय होकर सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किया और विरोध करने पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
