घर से लापता हुई 22 वर्षीय युवती, अपहरण की आशंका
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम भोथलडीह से 22 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के घर से बिना बताए चले जाने के बाद परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 25 मई 2026 को सुबह करीब 9 बजे युवती अपने घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की। शिकायत में युवती को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर ले जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। युवती के पिता जीवनधन साहू, (46), निवासी ग्राम भोथलडीह की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया गया।
