जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ जागरूकता शिविर आयोजित
कुआगोंदी, सुरडोंगर एवं सिकोसा के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, महिला सुरक्षा व हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
बालोद, 14 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में आज जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत सघन जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत विकासखंड डौंडी अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआगोंदी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरडोंगर तथा गुण्डरदेही विकासखण्ड के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिकोसा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
बाल अधिकारों, कानूनी प्रावधानों व आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं से कराया गया अवगत
आयोजित शिविरों में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुव्र्यवहार से बचाव से जुड़े कानूनी व सामाजिक प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया गया। मिशन वात्सल्य के तहत संचालित सेवाओं की जानकारी देते हुए आपातकालीन ‘चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098’ तथा मिशन शक्ति के अंतर्गत ‘महिला हेल्पलाइन नंबर 181’ के उपयोग व कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को किसी भी विषम, असुरक्षित अथवा शोषणकारी परिस्थिति में निर्भीक होकर संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही जागरूकता बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से सुरक्षित वातावरण निर्माण तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश प्रसारित किया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआगोंदी एवं सुरडोंगर में आयोजित शिविर में मिशन वात्सल्य की मास्टर ट्रेनर श्रीमती मोना रावत, जिला बाल संरक्षण इकाई से सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रंतिका मेश्राम, आउटरीच वर्कर श्रीमती गुणवंती सिरसाम, चाइल्ड हेल्पलाइन से परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू, सुपरवाइजर नेहा चंद्राकर, प्राचार्य मुकेश कुमार खरे, अध्यापक संतोष कुमार, भारत लाल यादव, डोमन लाल कलिहारी, श्रीमती मीनाक्षी अग्रवाल, योगेश कुमार नायक, सुश्री अंजुरानी चंद्राकर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य बसंत कुमार बहुरूपी, अध्यापक काशी राम सोरी, बी. मसियारे, सुश्री अरुंधति, सुश्री छलना सहारे, रामस्वरूप तिवारी, केशव मानकर, नितिन यादव, गोविंद राम, व्याख्याता बलिहार खरे, समस्त स्टाफ सहित विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
वहीं स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिकोसा में संरक्षण अधिकारी (संस्थागत) देवेंद्र देशमुख, काउंसलर श्रीमती अशलेखा देवांगन, चाइल्ड हेल्पलाइन से कैलाश निषाद, मिशन शक्ति की जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती दिनेश्वरी सिन्हा, प्राचार्य श्रीमती मधु माला कौशल सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी विद्यालयों में संबंधित प्राचार्यों के प्रेरक उद्बोधन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
