कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य

डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर मिलेगी आदान सहायता राशि, प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये का लाभ
बेमेतरा 14 नवंबर 2026/- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को आदान सहायता राशि प्रदान करने के लिए पात्रता एवं भुगतान संबंधी दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक (Agristack) में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में बोये गए धान के रकबे का सत्यापन भी आवश्यक होगा।
योजना के तहत वे किसान पात्र होंगे, जिन्होंने खरीफ वर्ष 2026-27 में खाद्य विभाग के पोर्टल एवं धान उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराया है तथा मार्कफेड के माध्यम से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं लैम्पस में धान का विक्रय किया है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के माध्यम से धान बीज उत्पादन हेतु पंजीकृत किसानों द्वारा बीज निगम को विक्रय किए गए धान बीज से संबंधित पात्र रकबे पर भी योजना का लाभ दिया जाएगा।
प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये की मिलेगी सहायता राशि
योजना के अंतर्गत आदान सहायता राशि का निर्धारण डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित बोये गए रकबे के आधार पर किया जाएगा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान उपार्जन की मान्य मात्रा के आधार पर सहायता राशि की गणना होगी। कॉमन ग्रेड धान के लिए भारत सरकार द्वारा घोषित 2,441 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित राशि के अंतर के आधार पर पात्र किसानों को अधिकतम 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
गणना के अनुसार (3,100 – 2,441) × 21 = 13,839 रुपये प्रति एकड़ होगी। विशेष बात यह है कि यदि किसी किसान द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान का विक्रय किया गया है, तब भी निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल के समतुल्य आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
उदाहरण के तौर पर, 2.7 एकड़ सत्यापित रकबे पर 37,365.30 रुपये, 0.3 एकड़ पर 4,151.70 रुपये, 2.5 एकड़ पर 34,597.50 रुपये तथा 0.8 एकड़ पर 11,071.20 रुपये की आदान सहायता राशि देय होगी। सहायता राशि का भुगतान पात्र किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से किया जाएगा।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में रकबे का सत्यापन जरूरी
योजना का लाभ केवल डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित बोये गए रकबे के आधार पर प्रदान किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं है, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे के लिए सहायता राशि प्रदान की जा सकेगी।
योजना के अंतर्गत ट्रस्ट, मंडल, प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, शाला विकास समिति, केंद्र एवं राज्य शासन के संस्थान, महाविद्यालय सहित अन्य विधिक संस्थाएं पात्र नहीं होंगी। प्रमाणित धान बीज उत्पादन करने वाले एवं सामान्य धान विक्रय करने वाले किसानों की कुल विक्रय मात्रा उनके कुल धारित रकबे की निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए। इसका सत्यापन संबंधित पोर्टल एवं बीज निगम के उपलब्ध आंकड़ों का मिलान कर किया जाएगा। आदान सहायता राशि का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अधीन होगा।
पात्र किसान समय पर पूरी करें आवश्यक प्रक्रिया
जिले के समस्त पात्र किसानों से अपील है कि वे अपना एग्रीस्टैक पंजीयन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे में बोये गए धान के रकबे की सही जानकारी एवं उसका सत्यापन कराएं, ताकि शासन की कृषक उन्नति योजना का लाभ नियमानुसार प्राप्त हो सके।