मां काली की आराधना से मिलती है अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा : योगेश्वर राजू सिन्हा
सिटी स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित काली पूजा में शामिल हुए विधायक, मां काली के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
महासमुंद। शहर के सिटी स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित काली पूजा में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मां काली के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जिलेवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां काली के जयकारे लगाकर अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मां काली शक्ति, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय की प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें अन्याय, अत्याचार और बुराइयों के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन केवल आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि ये समाज को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता के सूत्र में बांधने का भी कार्य करते हैं।
विधायक ने आयोजन में उपस्थित बंग समाज के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों के प्रयासों की सराहना भी की।
इस दौरान भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता रमेश साहू, संदीप घोष, हनीश बग्गा, शरद मराठा, दिनेश रूपरेला, आकाश पांडे सहित बंग समाज के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
