जनजातीय गौरव सप्ताह एवं रिफॉर्म उत्सव के तहत 11 से 18 नवंबर तक होंगे विविध आयोजन
आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को मिलेगा मंच
जिले में जनजातीय कला, लोकनृत्य, लोकगायन, स्वच्छता, छात्रवृत्ति जागरूकता एवं पौधरोपण सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
नारायणपुर, 05 नवम्बर 2026// जिले में 11 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह एवं रिफॉर्म उत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सप्ताहभर चलने वाले इन आयोजनों का उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, कला एवं विरासत को प्रोत्साहित करना, जनजातीय महापुरुषों के योगदान को स्मरण करना तथा युवाओं और विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है।
जिला स्तरीय कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत चित्रकांत चाली ठाकुर को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग सुश्री तुनुजा नाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग एवं जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई है।
12 नवंबर गुरुवार को संस्थागत स्तर पर जनजातीय चित्रकला, नृत्य एवं लोकगायन से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का आयोजन आश्रम एवं छात्रावास अधीक्षक-अधीक्षिकाओं के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
13 नवंबर शुक्रवार को मंडल एवं ब्लॉक स्तर पर जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता, जनजातीय चित्रकला, लोकगायन तथा जनजातीय लोकनृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके सफल संचालन की जिम्मेदारी मंडल संयोजक एवं छात्रावास अधीक्षक को दी गई है। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजातीय अंचल की पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
14 नवंबर शनिवार को स्वच्छता अभियान के साथ जनजातीय संस्कृति एवं विरासत पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए आश्रम एवं छात्रावास अधीक्षक-अधीक्षिकाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही अपनी सांस्कृतिक परंपराओं एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रति समझ विकसित की जाएगी।
15 नवंबर रविवार को जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग एवं जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई है। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान तथा उनकी संस्कृति और परंपराओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसी क्रम में 16 नवंबर सोमवार को जिले की सभी संस्थाओं में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 17 नवंबर मंगलवार को छात्रवृत्ति पहुंच शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। वहीं 18 नवंबर बुधवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। इन दोनों कार्यक्रमों की जिम्मेदारी आश्रम एवं छात्रावास अधीक्षक-अधीक्षिकाओं को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को निर्धारित तिथियों में कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यक्रमों के आयोजन के पश्चात की गई कार्रवाई एवं गतिविधियों की जानकारी नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
जनजातीय गौरव सप्ताह एवं रिफॉर्म उत्सव के माध्यम से जिले में जनजातीय संस्कृति, लोककला, पारंपरिक विरासत, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी गतिविधियों को एक साथ प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे जिले के विद्यार्थियों, युवाओं एवं जनजातीय समुदाय को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
