एक व्यक्ति, दो पद! पंचायत के उपसरपंच के साथ सहकारी समिति का अध्यक्ष बनने पर उठे सवाल

जोबा सहकारी समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ रैला के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत, शिकायतकर्ता ने कहा- दोहरी जिम्मेदारी के चलते समिति का कामकाज प्रभावित, धारा 53 (ख) के तहत अध्यक्ष पद से हटाने की मांग
महासमुंद। ग्राम पंचायत अछोला के उपसरपंच और वृहत्ताकार सहकारी समिति जोबा के अध्यक्ष के रूप में एक ही व्यक्ति के कार्यरत रहने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दोनों महत्वपूर्ण पदों पर एक साथ जिम्मेदारी निभा रहे विश्वनाथ रैला के खिलाफ कलेक्टर से लिखित शिकायत कर सहकारी समिति के अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता सोमनाथ यादव ने आरोप लगाया है कि दोहरे पद पर बने रहने के कारण समिति की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और समिति के हितों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अध्यक्ष और उपसरपंच जैसे महत्वपूर्ण पदों पर एक साथ बने रहने से समिति के कामकाज में गंभीर लापरवाही और कथित कपटपूर्ण कृत्यों की आशंका बनी हुई है। इससे समिति के हित प्रभावित होने के साथ उसकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सोमनाथ यादव ने छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम की धारा 53 (ख) का उल्लेख करते हुए कलेक्टर से मांग की है कि विश्वनाथ रैला को वृहत्ताकार सहकारी सोसायटी के अध्यक्ष पद से हटाने के लिए उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं महासमुंद को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
अब देखना होगा कि कलेक्टर इस शिकायत पर क्या संज्ञान लेते हैं और सहकारी समिति के अध्यक्ष पद पर उनकी पात्रता तथा दोहरे पद पर कार्यरत रहने के मामले में प्रशासन क्या जांच और कार्रवाई करता है।

इन्हें भी पढ़े