कृषि आदान सह व्यावसायिक परिसर के निर्माण में तेजी लाने विधायक सिन्हा के निर्देश

गंजपारा में निर्माणाधीन परिसर का किया निरीक्षण, बाउंड्रीवाल, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा
महासमुंद। शहर के गंजपारा में निर्माणाधीन कृषि आदान सह व्यावसायिक परिसर का सोमवार को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मंडी सचिव पूरण सिंह कश्यप को शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा हो, ताकि परिसर का उपयोग जल्द शुरू किया जा सके और किसानों को इसका लाभ मिल सके।
विधायक सिन्हा ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्माण की गुणवत्ता के साथ-साथ परिसर को उपयोग के लिहाज से व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना भी जरूरी है।
सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक ने परिसर की सुरक्षा को लेकर बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाउंड्रीवाल बनने से परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, अनावश्यक आवागमन पर नियंत्रण रहेगा और पूरा परिसर व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
उन्होंने परिसर के आसपास सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। परिसर के आसपास जमा कचरे और अनावश्यक सामग्री को हटाकर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद भी परिसर के रखरखाव की नियमित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि यहां आने वाले किसानों और आम लोगों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता से समझौता नहीं
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए निर्माण कार्य केवल पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता, उपयोगिता और स्थायित्व पर भी ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और परिसर के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने दोहराया कि निर्माण की गुणवत्ता, परिसर की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता रमेश साहू, गोविंद ठाकुर, हनीश बग्गा, राजेंद्र चंद्राकर, देवेंद्र चंद्राकर, शरद मराठा, नईम खान सहित अन्य कार्यकर्ता एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े