ट्रैक पर दिखा खिलाड़ियों का दम, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए प्रतिभाओं की तलाश
जिलेभर से करीब 90 खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, 16 वर्ष आयु वर्ग में प्रखर, चंद्रशेखर, पंकज, लावण्या, शालिनी, लक्ष्य और तेजेश्वरी रहे अव्वल
महासमुंद। राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने का सपना संजोए युवा एथलीटों ने सोमवार को सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक फॉरेस्ट ग्राउंड, बीटीआई रोड महासमुंद में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक मीट के लिए जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से आयोजित चयन प्रतियोगिता में महासमुंद, बसना और सरायपाली क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से करीब 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप, हैदराबाद में महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी क्षमता दिखाई। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में ट्रेथलन-ए में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद, ट्रेथलन-बी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और बैक थ्रो तथा ट्रेथलन-सी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और 600 मीटर दौड़ शामिल रही। इसके अलावा भाला फेंक सहित अन्य स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
16 वर्ष बालक एवं बालिका वर्ग की स्पर्धाओं में जैवलिन थ्रो में प्रखर पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। ऊंची कूद और 600 मीटर दौड़ में चंद्रशेखर सिदार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में पंकज बुदेक और लावण्या साहू ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। वहीं 600 मीटर दौड़ में शालिनी मानिकपुरी, जबकि 60 मीटर दौड़ में लक्ष्य भोई और तेजेश्वरी सोनवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने पर जोर
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सफलता के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान के लिए शासन स्तर पर टैलेंट सर्च किया जा रहा है और प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और नेशनल गेम्स जैसे बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी करने की प्रेरणा दी तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
आयोजन में जिला एथलेटिक्स संघ की सचिव चारुलता गजपाल, डॉ. सुनील कुमार भोई, भूपेंद्र प्रधान, रेखराम ध्रुव, मदन चौधरी, कल्याणी, भारत ठाकुर, भारती और कंचन सेन सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय, भोरिंग, तुमगांव, लाफिंग खुर्द, आशिबाई गोलछा, सेजेश महासमुंद और सरस्वती शिशु मंदिर सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
