अग्रसेन जयंती पर बागबाहरा में गूंजा एकता और सेवा का संदेश

अग्रसेन भवन में विधि-विधान से हुआ पूजन-आरती, विधायक द्वारिकाधीश यादव ने की महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना
महासमुंद। अग्रवाल सभा बागबाहरा के तत्वावधान में अग्रसेन भवन में महाराजा श्री अग्रसेन जयंती के अवसर पर पूजन एवं आरती का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए। उन्होंने महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
जयंती समारोह में अग्रवाल समाज के सदस्यों ने विधि-विधान से पूजन एवं आरती में सहभागिता की। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सिद्धांतों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। समाजजनों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की परंपरा समानता, सहयोग, सेवा, परस्पर सद्भाव और व्यापारिक नैतिकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में विधायक द्वारिकाधीश यादव की उपस्थिति से समाजजनों में उत्साह नजर आया। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को सामाजिक जीवन में आत्मसात करने और समाज की एकजुटता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। जयंती समारोह को समाज की परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के विचारों से जोड़ने का अवसर भी बताया गया।
समारोह में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष ऋषि अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, लखबीर सिंह छाबड़ा, गणेश शर्मा, नवनीत सलूजा, गिरीश पटेल, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकजुटता, आपसी सद्भाव और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

इन्हें भी पढ़े