रोशनदान तोड़कर दुकान में घुसे चोर, नकदी-मोबाइल पार
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम नौगड़ी में अज्ञात चोर ने कंप्यूटर व किराना दुकान का रोशनदान तोड़कर गल्ले में रखी नकदी और मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 17,500 रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नौगड़ी निवासी कुंजबिहारी पटेल (27) की भैंसाखुरी मार्ग पर कंप्यूटर एवं किराना दुकान है। 9 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह दुकान बंद कर गल्ले में 12,500 रुपए नकद और करीब 5 हजार रुपए कीमत का रियलमी कंपनी का मोबाइल रखकर घर चला गया था। दुकान में उसने ताला भी लगाया था।
10 अक्टूबर की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो रोशनदान टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर गल्ले में रखी 12,500 रुपए की नकदी और मोबाइल गायब थे। इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
