दुर्गा चंदा मांगने गई महिला, पीछे घर से 88 हजार के आभूषण-नकदी चोरी
महासमुंद। शहर के गुरुघासीदास वार्ड-21 में एक महिला के घर से अज्ञात चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 88,400 रुपए का सामान चोरी कर लिया। घटना के दौरान महिला मोहल्ले के लोगों के साथ दुर्गा चंदा मांगने गई थी। वापस लौटने के बाद अगले दिन चोरी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुघासीदास वार्ड-21 निवासी शिवकुमारी चंद्राकर 8 अक्टूबर की शाम करीब 7.30 बजे मोहल्ले के लोगों के साथ दुर्गा चंदा मांगने गई थीं। उस दौरान घर में उनके पति अकेले सो रहे थे। रात करीब 9.30 बजे शिवकुमारी घर लौटीं और खाना खाने के बाद सो गईं।
अगले दिन 9 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे उन्होंने कमरे की आलमारी खोली तो उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। चोरी गए सामान में करीब 15 हजार रुपए नकद, 25 हजार रुपए कीमत की सोने की ईयररिंग, 15 हजार रुपए की सोने की कनोटी, करीब 2 हजार रुपए की दो सोने की नथनी, 30 हजार रुपए की चांदी की दो पायल, करीब 1 हजार रुपए के तीन चांदी के सिक्के और 400 रुपए कीमत की दो चांदी की बिछिया शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 88,400 रुपए बताई गई है।
शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर चोरी की जांच शुरू कर दी है।
