जलापूर्ति की सामग्री चोरी पर नगर पालिका सख्त, 9 मामलों में एफआईआर की तैयारी

पाइप, वाल्व, केबल और मोटर चोरी से व्यवस्था प्रभावित; सीएमओ ने थाना प्रभारी को पत्र भेजकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
महासमुंद। नगर की जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़ी पाइप, वाल्व, केबल, मोटर सहित अन्य सामग्री की लगातार हो रही चोरी को नगर पालिका प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। नगर पालिका क्षेत्र के 9 अलग-अलग स्थानों पर जलापूर्ति सामग्री चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने संबंधित थाना प्रभारी को पत्र भेजकर मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी को भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को भी सूचनार्थ भेजी गई है। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलापूर्ति व्यवस्था से संबंधित सामग्री नगर की सार्वजनिक संपत्ति है और इसकी चोरी को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
चोरी का सीधा असर जलापूर्ति पर
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि जलापूर्ति नगरवासियों से सीधे जुड़ी आवश्यक नागरिक सेवा है। पाइप, वाल्व, केबल, मोटर और अन्य उपकरण सार्वजनिक संपत्ति हैं। इनकी चोरी से नगर पालिका को आर्थिक नुकसान होता है, वहीं संबंधित क्षेत्रों की जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है। चोरी की सामग्री को दोबारा लगाने और व्यवस्था बहाल करने में अतिरिक्त समय एवं राशि खर्च करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की चोरी को सामान्य घटना मानकर छोड़ना उचित नहीं है। पुलिस कार्रवाई के माध्यम से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। अध्यक्ष ने नागरिकों से भी अपील की कि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नगर पालिका या पुलिस को दें।
9 स्थानों पर चोरी के बाद कार्रवाई
नगर पालिका के जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार ने बताया कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन, वाल्व, केबल, मोटर सहित अनेक उपकरण स्थापित किए गए हैं। इनमें से सामग्री चोरी होने पर संबंधित क्षेत्र में जलापूर्ति सुचारू रखने में परेशानी आती है और नगर पालिका को मरम्मत अथवा नई सामग्री लगाने पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि 9 स्थानों पर जलापूर्ति सामग्री चोरी होने की घटनाएं संज्ञान में आने के बाद पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गई है। संबंधित कर्मचारियों को भी जलापूर्ति से जुड़ी सामग्री की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और चोरी अथवा क्षति की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति जलापूर्ति से संबंधित पाइप, वाल्व, केबल, मोटर या अन्य सार्वजनिक सामग्री को चोरी करते, नुकसान पहुंचाते अथवा संदिग्ध रूप से हटाते हुए दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका या निकटतम पुलिस थाना को दें। प्रशासन का मानना है कि नागरिकों की सजगता से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के साथ शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।