तेंदूकोना में सूने मकान से 5.59 लाख की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

बिहार के दो, दिल्ली और महासमुंद के एक-एक आरोपी शामिल; चोरी के आभूषण, नगदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
महासमुंद। तेंदूकोना में सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 5.59 लाख रुपए की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के दो, नई दिल्ली का एक और महासमुंद जिले का एक आरोपी शामिल है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी जैसे धातु के आभूषण, नगदी, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, तेंदूकोना निवासी शिवप्रताप सिंह ने थाना तेंदूकोना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 अगस्त 2026 को उनके सूने मकान में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर सोने-चांदी जैसे धातु के आभूषण, अन्य सामान और नगदी चोरी कर ली। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 5,59,500 रुपए बताई गई। शिकायत पर थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चोरी के बाद पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की संपत्ति, नगदी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।
सैयद मोहम्मद मुजाहिद (28), निवासी तैमूर नगर, थाना मंसूरचक, जिला बेगूसराय, बिहार से सोने जैसे रंग का मांग टीका, 7 चांदी जैसे रंग की अंगूठियां, 10 बिछिया, चांदी जैसी चेन, 2 पायल, ताबीज, 4 नथनी, कमरबंद, टच स्क्रीन मोबाइल और 10 हजार रुपए नगद बरामद किए गए।
महबूब खान (26), निवासी मयूर विहार फेस-1, नई दिल्ली से 2 सोने जैसे रंग की अंगूठियां, 9 चांदी जैसी अंगूठियां, 3 चांदी जैसे रंग के सिक्के, 20 बिछिया और 5 पायल बरामद हुईं।
सागर चंद्र कुर्रे (36), निवासी छिंदौली, थाना पटेवा, जिला महासमुंद से 2 जोड़ी सोने जैसे रंग के कान के टॉप्स, चांदी जैसी लच्छेदार पायल, 3 अंगूठियां, सोने जैसे रंग का रानीहार, 10 हजार रुपए नगद, टच स्क्रीन मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए है, बरामद की गई।
सुजीत कुमार (30), निवासी बलिया पोर्तरिया, थाना बलिया, जिला बेगूसराय, बिहार से एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में चोरी गई संपत्ति की शिनाख्ती की कार्रवाई के साथ अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों और चोरी के शेष सामान के संबंध में भी जांच जारी है।